फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब लेफ्ट-राइट नियम के तहत खोले जाएंगे शहर व उपमंडलों के बाजार

विज्ञापन
निगम के कर्मचारी बाजार में लेफ्ट-राइट सिस्टम के तहत मार्किंग करते हुए। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
जिला प्रशासन के आदेशों के बाद अब शहर व उपमंडलों के बाजार लेफ्ट व राइट सिस्टम के तहत खोले जाएंगे। एक दिन लेफ्ट साइड, जबकि दूसरे दिन राइट साइड की दुकानों को खोलने की अनुमति होगी। जो दुकानदार इन निर्देशों की पालना नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। हिसार शहर में आज बाईं तरफ की दुकानें खुलेंगी।
विज्ञापन

उपायुक्त के आदेशानुसार जारी हुई नई एडवाइजरी के तहत शहर में नगर निगम दिन निर्धारित कर लेफ्ट व राइट श्रेणी में बाजारों को बांटेंगे। निगम कमिश्नर विभिन्न बाजारों की कमेटी या एसोसिएशन के माध्यम से नई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। हालांकि, इस फैसले पर मार्केट एसोसिएशन के अलग-अलग सुर हैं। कुछ एसोसिएशन इसको ठीक बता रही है तो कुछ एसोसिएशन ने फैसले के विरोध का निर्णय लिया है।
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुलेंगी दुकानें
नई एडवाइजरी के मुताबिक, बाजारों में दुकानें सुबह 9 से शाम 6 बजे तक ही खुलेंगी। तय समय पर बाजार बंद करवाने के लिए नगर निगम की विशेष टीमें भी बाजारों का दौरा करेंगी। निगम प्रशासन ने चारों एक्सईएन को यह व्यवस्था लागू करवाने के निर्देश दे दिए हैं। शहर के 20 वार्डों को चारों एक्सईएन में पांच-पांच वार्ड के अनुसार बांटा हुआ है। प्रत्येक एक्सईएन अपने निर्धारित वार्ड में दुकानों को लेफ्ट व राइट सिस्टम से खुलवाने की मॉनीटरिंग करेंगे।
विज्ञापन

गली-मोहल्लों की दुकानों पर यह नियम लागू नहीं
हालांकि, गली-मोहल्लों में जहां बाजार नहीं है, वहां की दुकानों के लिए यह नियम लागू नहीं होगा। वहां तो पहले की तरह ही दुकानें खुल सकेंगी। इसी प्रकार से मेडिकल हॉल, दूध व किराना जैसी जरूरी वस्तुओं की दुकानें भी खुली रहेंगी और इन पर नई एडवाइजरी लागू नहीं होगी। बाजार और अन्य सभी दुकानदारों को मास्क, सैनिटाइजर सहित सभी प्रकार की सावधानियां बरतनी होगी।
रविवार को भी खुले रहेंगे बाजार
सामान्य दिनों में रविवार को बंद रहने वाले बाजार इस दिन अब खुले रखे जा सकेंगे। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी के मुताबिक रविवार को बाजार खोलने की छूट दी गई है। मगर रविवार को भी समय सुबह 9 से शाम 6 बजे तक का ही रहेगा।
बरवाला, हांसी व नारनौंद में एसडीएम देखेंगे व्यवस्था
उपमंडलों में भी यही नियम लागू होगा। ऐसे में हांसी, बरवाला व नारनौंद में वहां के एसडीएम लेफ्ट-राइट सिस्टम की बाजारों में व्यवस्था करवाएंगे। इसके लिए वहां के नगरपालिका या नगर परिषद प्रशासन को साथ लेकर एसडीएम बाजार में नया सिस्टम लागू करवाएंगे।
शहर के प्रमुख बाजार और उनमें दुकानें
राजगुरु मार्केट - 500 से अधिक दुकानें
बिश्नोई मंदिर मार्केट - 125 दुकानें
न्यू राजगुरु मार्केट - 60 दुकानें
आर्य समाज मंदिर मार्केट - 85 दुकानें
सनातन धर्म मंदिर मार्केट - 80 दुकानें
पटेल नगर मार्केट - 200 दुकानें
कैंट मार्केट - 500 दुकानें
प्रशासन के फैसले पर यह बोले मार्केट एसोसिएशन के प्रधान
हमारी एसोसिएशन प्रशासन के इस फैसले का कड़ा विरोध करती है। प्रशासन को कोई भी फैसला लेने से पहले दुकानदारों या एसोसिएशन पदाधिकारियों से बातचीत करनी चाहिए। इस सिस्टम से तो बाजारों में ग्राहक आएगा ही नहीं, जबकि पहले से ही बाजार में भारी मंदी है।
- राजेंद्र चुटानी, प्रधान, न्यू राजगुरु मार्केट एवं बिश्नोई मंदिर मार्केट एसोसिएशन
हम प्रशासन के फैसले के खिलाफ तो नहीं जा सकते। इसलिए इस नई एडवाइजरी को लागू करने में सहयोग करेंगे। प्रशासन दुकानदारों व अन्य लोगों के हित में ही ऐसे फैसले ले रहा है।
- गौतम नारंग, प्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन
सरकार या प्रशासनिक अधिकारियों को क्या पता है, कि दुकानें कैसे चलती हैं। हमारा भाईचारा खराब करवाना है और कुछ नहीं। पहले रायशुमारी कर लेनी चाहिए थी। इस सिस्टम से बाजार में कोई ज्यादा फर्क नहीं पड़ना।
- ताराचंद अनेजा, प्रधान, पटेल नगर मार्केट एसोसिएशन
मैंने सभी एक्सईएन को बाजारों में लेफ्ट और राइट की मार्किंग करवाने के लिए निर्देश दे दिए हैं ताकि दुकानदारों या ग्राहकों को कोई कन्फ्यूजन न हो। बाकी और जो भी व्यवस्था ठीक करने की जरूरत होगी, वह करेंगे।
विज्ञापन

- अशोक कुमार गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम
इस फैसले पर डीसी डॉ. प्रियंका सोनी से सीधी बातचीत
सवाल - लेफ्ट-राइट का जो निर्णय है क्या वह सही है।
डीसी - यह प्रदेश सरकार का निर्णय है, जिसकी हमें पालना करवानी है। हम फैसला नहीं कर सकते कि यह उचित है या अनुचित।
सवाल - एसोसिएशन या दुकानदारों से कोई राय नहीं लेनी चाहिए थी?
डीसी - सरकार के फैसले पर हमारा राय लेना उचित नहीं होता। यह फैसला कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए ही लिया गया है। यह सबके लिए फायदेमंद होगा।
सवाल - कुछ एसोसिएशन के प्रधान इस फैसले पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं?
डीसी - अगर दुकानदारों को स्थानीय स्तर पर कोई समस्या है, तो उसके लिए संबंधित एसडीएम या निगम कमिश्नर से बातचीत कर सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें