हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा कि विवि सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी विद्यार्थी को आर्थिक कारणों से पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े। विश्वविद्यालय गुरु जंभेश्वरजी महाराज के सिद्धांतों पर चलते हुए विद्यार्थियों की हर समस्या को प्राथमिकता से हल करता है।
प्रो. नरसीराम ने बताया कि कि विश्वविद्यालय विभिन्न योजनाओं व छात्रवृत्तियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करता है। जिन विद्यार्थियों को इन योजनाओं में कवर नहीं किया जाता, उन्हें सीधे विश्वविद्यालय द्वारा मदद दी जाती है। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को फीस की चिंता छोड़कर सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। विश्वविद्यालय हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
फीस माफी की प्रमुख व्यवस्थाएं:
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की पूरी फीस माफ।
सभी वर्गों के 10% विद्यार्थियों के लिए ट्यूशन फीस माफी का अलग प्रावधान।
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए एक-तिहाई फीस माफी।
विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, एचकेआरएनल कर्मियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बच्चों के लिए विशेष फीस छूट।
शहीदों, सेवानिवृत्त सैनिकों व स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए पूरी ट्यूशन फीस माफ।
शारीरिक रूप से विशेष योग्यता वाले विद्यार्थियों की भी पूरी फीस माफ।
कोविड में माता-पिता में से एक को खोने वाले विद्यार्थियों को 50% से 100% तक की फीस माफी।
छात्रवृत्तियों के अन्य प्रावधान
गुरु जंभेश्वर जी महाराज के नाम पर विशेष छात्रवृत्ति।
मैरिट आधारित छात्रवृत्तियां।
''''अर्न व्हाइल लर्न'''' योजना के तहत छात्रवृत्ति का प्रावधान।
विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की एसोसिएशन द्वारा आर्थिक सहायता।