हिसार। प्रदेश में भीषण गर्मी व लू का कहर जारी है। बुधवार को भी रोहतक पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। रोहतक में लगातार दूसरे दिन 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 46.4, अंबाला में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हिसार में इस मौसम का सबसे अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पूरे प्रदेश के लिए 26 मई तक का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं हैं।
मई महीने के तीसरे सप्ताह में भीषण गर्मी ने बेहाल कर दिया है। दिन में भीषण गर्मी के बाद अब रात भी सुकून वाली नहीं रही। फरीदाबाद व चरखी दादरी जिले में रात का तापमान 31 डिग्री के पार हो गया। दिन के तापमान में रोहतक ने रिकॉर्ड बनाया तो रात के तापमान में चरखी- दादरी ने 31.8 डिग्री दर्ज किया गया।
अंबाला में सामान्य से 6.9 डिग्री ज्यादा 45.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रोहतक का तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री , करनाल में सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा तापमान रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अभी राहत के आसार नहीं हैं। 22 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा लेकिन उसका कोई खास असर नहीं दिखेगा। 29 मई को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से कुछ स्थानाें पर बारिश होने की संभावना है।