चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में जिले में सामने आए नाबालिग किशोरियों के साथ दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में तीव्र कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक मामले में तीन तथा दूसरे मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्भवती होने के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
दादरी पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि 24 फरवरी को सामने आए मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभी तक यह तथ्य सामने आए हैं कि पीड़िता गर्भवती नहीं थी। साथ ही शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं थे। अभी तक की जांच, आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म 24 फरवरी के बजाय पहले हुआ था। यह भी सामने आया है कि दुष्कर्म बाढड़ा क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि पहले मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशन में गठित एसआईटी ने तत्परता से जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे मामले में भी पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस ने 24 घंटे में ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने अन्य दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।