हिसार। शहर की सबसे पुरानी संस्था श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव करवाने का रास्ता साफ हो गया है। जिला रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी पत्र में एनके गोयल को प्रशासक नियुक्त किया गया है। अब चुनाव करवाने की पूरी बागडोर उनके हाथ में ही रहेगी। चुनाव करवाने के लिए तीन माह का समय मिला है।
प्रशासक एनके गोयल का कहना है कि अभी तक जनरल बॉडी रामलीला से संबंधित कार्य देख रही थी मगर अब वह देखेंगे। इसमें मेंबरशिप, वोटर लिस्ट चेक करना आदि शामिल रहेगी। वहीं, एनके गोयल को चुनाव अधिकारी बनाया गया था, लेकिन अब उनको प्रशासक नियुक्त कर दिया गया है।
बता दें, कि 29 जनवरी को चुनाव करवाने के लिए तीन सदस्यों की एडहॉक कमेटी गठित की गई थी। इस कमेटी में सत्यपाल अग्रवाल, कृष्ण खटाणा और एडवोकेट दीपक जैन को शामिल किया गया था। कमेटी के एक सदस्य दीपक जैन ने स्वास्थ्य खराब का हवाला देते हुए 28 मार्च को कमेटी से त्यागपत्र दे दिया था। कमेटी को चुनाव करवाने के लिए तीन माह का समय दिया गया था, जोकि 30 अप्रैल को खत्म हो गया है। चुनाव के संबंध में तीन बार एडहॉक कमेटी ने बैठक भी की थी। मगर जब चुनाव करवाने की कोई प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ी तो प्रशासक नियुक्त कर दिया गया।
श्री रामलीला कमेटी का इतिहास
- 2013 में हुई थी संस्था पंजीकृत
- 1897 में श्री रामलीला कमेटी कटला की स्थापना हुई
- श्री रामलीला कमेटी कटला के आजीवन सदस्य: 1125
- काॅलेजियम हेड: 51
बुधवार को ही पत्र जारी हुआ है। मुझे श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव करवाने के लिए प्रशासक नियुक्त किया है। चुनाव करवाने के लिए तीन माह का समय मिला है। अब जल्द ही चुनाव से संबंधित प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- एनके गोयल, प्रशासक
-
मुझे बुधवार को ही पत्र मिला है। अब श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव का रास्ता साफ हो चुका है। उम्मीद है कि अब तीन माह के अंतराल में चुनाव हो जाएंगे। चुनाव के लिए प्रशासक नियुक्त करने का फैसला सही है।
- विनोद कंसल, पूर्व महामंत्री, श्री रामलीला कमेटी कटला