दयाल सिंह कॉलोनी स्थित 33 केवी सब स्टेशन पर बिजली निगम की ओर से 10 एमवीए की क्षमता का नया ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। नए ट्रांसफार्मर से गर्मी के दिनों में लगने वाले बिजली कटों में राहत मिलेगी। गर्मियों में लोगों ने प्रदर्शन, रोड जाम किया था, जिसके चलते बिजली निगम ने इस पर संज्ञान लिया है।
बिजली निगम की ओर से लोगों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है। इस सब स्टेशन में पहले से दो ट्रांसफार्मर हैं, लेकिन गर्मियों में लोड बढ़ने के चलते यहां पर 10 से 12 घंटे भीषण लंबे बिजली कट लगते हैं। लंबे बिजली कटों से आमजन भी परेशान रहते हैं। जिसके चलते चार कुतुब क्षेत्र के लोगों ने गर्मियों के दिनों में दो बार रोड जाम किया व प्रदर्शन भी किया था। वहीं निगम के एसई द्वारा भी इस क्षेत्र में लगने वाले लंबे बिजली कटों का मुद्दा उठाया गया था। जिस पर निगम ने यहां पर तीसरा ट्रांसफार्मर लगाने का निर्णय लिया था। इसके लिए बीते दिनों यहां पर कंडक्टर भी लगाया गया था। कंडक्टर लगाने के बाद निगम द्वारा अब यहां ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए ठेका दिया गया है। आगामी दिनों में ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए सब स्टेशन में नई फाउंडेशन तैयार की जाएगी। आगामी दो से तीन महीने तक इसका काम पूरा होगा।
सब स्टेशन की क्षमता बढ़ेगी
पहले 18 एमवीए के दो हैं। नया ट्रांसफार्मर लगने से क्षमता बढ़ कर 28 एमवीए की हो जाएगी। यहां पर एक सर्किट रेलवे रोड स्थित 33 केवी सब स्टेशन से भी जोड़ा हुआ है। इस सर्किट को नया लगाया गया है व इसकी नई लाइन बिछाई गई है। ताकी आपातकाल में वहां से कनेक्शन जोड़ी जा सके। क्योंकि मसुदपुर से आने वाली बिजली सप्लाई में कई बार घंटों तक लंबे कट लगते हैं।
इतने सब स्टेशन हैं शहर में
भिवानी रोड पर 132 केवी का नया सब स्टेशन बनाया जा रहा है। यह पावर हाउस हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम द्वारा बनाया जा रहा है। अभी वहां पर स्थित पुराने सब स्टेशन से काम चलाया जा रहा है। इसके अलावा रेलवे रोड पर 33 केवी का सब स्टेशन है। यह सब स्टेशन 132 केवी सब स्टेशन के अधीन आता है। दयाल सिंह कॉलोनी सब स्टेशन 220 केवी मसुदपुर पावर हाउस के अधीन आता है।
इन क्षेत्रों को होगा लाभ
बरवाला रोड पर स्थित दयाल सिंह कॉलोनी 33 केवी सब स्टेशन के सिसाय पुल, डडल पार्क, हनुमान कॉलोनी, चार कुतुब, गोसाईं गेट, राजकीय महाविद्यालय व दयाल सिंह कॉलोनी सहित कई अन्य क्षेत्र इसी सब स्टेशन के अधीन आते हैं।
दयाल सिंह कॉलोनी सब स्टेशन में नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके लिए जल्दी ही काम शुरू होगा। अगले वर्ष गर्मी के दिनों में आमजन को बिजली कटों की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी।-
अजाज अहमद, एसडीओ, बिजली निगम