हिसार। शहर के एक मोहल्ले में पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में घुसकर नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास किया। नाबालिग ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे पीटा और सरिये से हमला कर दिया। शोर सुनकर लड़की की मां आई तो आरोपी भाग गया। इसके बाद नाबालिग को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। एचटीएम थाना पुलिस को मामले से अवगत करा दिया है।
नाबालिग के परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे लड़की घर पर थी और साथ लगते कमरे में उसकी बीमार मां थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक घर में घुस आया और लड़की के साथ जबरदस्ती करने लगा। लड़की ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने सरिये से उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उसकी मां बाहर आई तो आरोपी धक्का देकर जान से मारने की धमकी दे भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चाकू दिखाकर दिनदहाड़े बुजुर्ग से लूटी नकदी
हिसार। साउथ बाईपास पर बालसमंद नहर के पास दो युवकों ने दिनदहाड़े चाकू दिखाकर बुजुर्ग से नकदी लूट ली। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 9-11 के पीछे बसे तारानगर निवासी कपूर सिंह ने बताया कि वह सोमवार को नागरिक अस्पताल में दवा लेने गया था। दवा लेने के बाद वह बस में सवार होकर आया और साउथ बाईपास पर बालसमंद नहर के पास उतर गया। यहां से पैदल ही घर की तरफ से जा रहा था। इसी बीच पीछे से दो युवक आए। युवकों ने चाकू दिखाकर उसकी जेब से 7,000 रुपये निकाल लिए और भाग गए। उसने युवकों का पीछा भी किया, लेकिन पकड़ नहीं सका। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।