हिसार। गंगवा स्थित कॉसमॉस पब्लिक स्कूल की छात्रा नव्या ने आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप-2026 (सुहल, जर्मनी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
14 से 22 जून तक जर्मनी के सुहल में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में नव्या ने दुनिया भर के निशानेबाजों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से गंगवा सहित पूरे हिसार जिले में खुशी की लहर है।
विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र सिंह पायल एवं प्रधानाचार्य हितेश बाबल ने कहा कि नव्या की यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
पहले भी दिखा चुकी हैं दम
नव्या के पिता राजकुमार गोदारा ने बताया कि बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार और गांव गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2024 में आयोजित स्कूली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप (29 से 31 दिसंबर, भोपाल) में नव्या ने अंडर-17 वर्ग में हिस्सा लिया था। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की गई थी जिसमें नव्या ने पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उन्होंने 237.7 स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया था।