नागोरी गेट से लेकर पारिजात चौक वन वे के प्लान को रेलवे रोड के व्यापारियों ने फिर बदले जाने का दबाव बनाया है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी बीएंडआर द्वारा रखवाए जा रहे जर्सी सिक्योरिटी बैरियर को हटाकर व्यापारियों ने नागोरी गेट की तरफ सीधा रास्ता देने की मांग की है।
व्यापारियों ने एक बार तो प्रशासन का काम भी रुकवा दिया। उन्होंने मांग की कुछ दुकानों के सामने से तीन से चार फुट के चौड़े रास्ते छोड़े जाएं। दूसरा उन्होंने दबाव बनाया कि नागोरी गेट में जाने वालों के लिए सीधे ही रास्ता, यानी पुुराने ढर्रे के आधार पर ही खोला जाए। हालांकि प्रशासन ने इसके विरोध के बावजूद भी एक बार तो नागोरी गेट की तरफ सीधा जाने वाला रास्ता नहीं खोला।
व्यापारी आज मिलेंगे डीसी से
इस मामले का लेकर व्यापारी वीरवार को डीसी से मिलेंगे। व्यापारियों का कहना है कि हर हालात में पहले जैसे रास्ते की मांग करेंगे। व्यापारी पहले से ही पारिजात चौक से सीधे नागोरी गेट जाने को रास्ता दिए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन इसे अनदेखा कर रहा है। जाम से मुक्ति दिलाने की बजाय प्रशासन ने सांप सीढ़ी रास्ता बनाकर समस्या बढ़ा दी।
सीपीएस से भी करेंगे बात
व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता से भी फोन पर बात की है। वे फिलहाल शहर से बाहर है। जैसे ही शहर में आएंगे, उनसे बातचीत कर समस्या का कोई हल निकालेंगे। उन्होंने कहा कि वे विकास के कार्यों में बाधा नहीं बन रहे, मगर शहर के आम जन व व्यापारियों के लिए सुविधा की मांग कर रहे हैं।
हमारा कोई विरोध नहीं है, यह प्रशासन के समझ की बात है। हम पहले से ही पारिजात चौक से नागोरी गेट जाने का सीधा रास्ता दिए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने ट्रैफिक को और उलझा दिया, जिससे आम लोगों व व्यापारियों को परेशानी हो रही है।
-घनश्याम गोयल, प्रधान रेलवे रोड मार्केट