गड्ढे बनी सड़कों पर चलने वाले शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम शहर की सड़कों पर बारिश से बने गड्ढे भरवाने के लिए सोमवार से काम शुरू करवाएगा। निगम ने फिलहाल करीब 5 सौ कट्टे सेल मैक्स कोल्ड मिक्स मैटीरियल मंगवाया है। जिनसे सड़कों पर हुए करीब पांच सौ से ज्यादा गड्ढे भरे जा सकेंगे।
सीपीएस के वादे के अनुसार सप्ताह भर में निगम शहर के गड्ढे भरने का काम शुरू कर देगा। अन्य विभाग पीडब्ल्यूडी व हुडा भी अपनी अपनी सड़कों पर गड्ढे भरने की प्रोसेस में लगे हुए हैं। हुडा ने तो सेक्टरों की सड़कों पर गड्ढे भरने का काम शुरू किया हुआ है। निगम ने भी अब पूरी तैैयारी कर ली है। स्टोर में कोल्ड मिक्स मैटीरियल के कट्टे आ चुके हैं।
पैक सील न खुलने तक नहीं होते खराब
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस मैटीरियल को स्टोर में सामान्य तापमान में रखवाया गया है। यह कोल्ड मैटीरियल होता है। जिसमें जीरा रोड़ी व कोलतार मिला हुआ होता। जब तक पैक सील मैटीरियल होता है वह खराब नहीं होता। खुलने के बाद इसे तुरंत यूज करना होता है। गड्ढों में डालने के बाद यह करीब एक घंटे में पूरी तरह से सेट हो जाता है।
सड़कों पर पांच हजार गड्ढे मैटीरियल केवल पांच सौ का
शहर में नगर निगम की सड़कों पर पांच हजार से ज्यादा गड्ढे हैं। निगम ने फिलहाल खानापूर्ति के लिए केवल पांच सौ गड्ढों का मैटीरियल मंगवाया है। हालांकि इस पर भी निगम की करीब साढ़े पांच लाख रुपये की राशि खर्च हो जाएगी, जिसमें लेबर निगम की ही रहेगी।
शिकायत पर भरेगी निगम गड्ढे
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर सोमवार से गड्ढे भरने का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद जहां से शिकायतें आएगी वहां निगम की टीम पहुंचकर गड्ढे भरने का काम करेगी।
हमने कोल्ड मिक्स मैटीरियल मंगवा लिया है। सोमवार से गड्ढे भरने का काम शुरू हो जाएगा। जहां ज्यादा गड्ढे हैं वहां नई सड़कों का निर्माण होगा।
- रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम