सेक्टर्स के सफाई टेंडर में नई कंडीशन लगाने के मामले में वीरवार को भी टेंडर ओपन नहीं हो पाया। नगर निगम अधिकारी तो टेंडर ओपन करने के लिए तैयार हो गए थे। वे फाइल निगम कार्यालय से ज्वाइंट कमिश्नर के कार्यालय में भी ले गए, मगर जेसी ने टेंडर ओपन का मामला फिलहाल के लिए टाल दिया।
एक्सईएन के आने के बाद ही खोला जाएगा टेंडर
टेंडर प्रक्रिया को लेकर निगम ने कमेटी बनाई हुई है। इस कमेटी में सीनियर एकाउंट ऑफिसर, एक्सईएन व सीएसआई हैं। अध्यक्षता ज्वाइंट कमिश्नर की है। जब टेंडर ओपन करने की बारी आई तो जेसी ने कहा कि एक्सईएन साहब छुट्टी पर हैं, जब तक वे नहीं आ जाते टेंडर ओपन नहीं होगा।
कोर्ट में चल रहा है मामला
सफाई को लेकर 1 करोड़ 95 लाख रुपये का लगाया गया टेंडर इन दिनों विवादों में है। एक फर्म मालिक ने टेंडर के लिए लगाई गई कंडीशन को कोर्ट में चुनौती दे दी है। हालांकि इस मामले में कोर्ट ने फिलहाल कोई स्टे नहीं दिया है। कोर्ट ने अगली तारीख दी है। उधर निगम अधिकारी टेंडर ओपन करने की तैयारी में हैं।
टेंडर ओपन नहीं किया गया। जेसी साहब ने निर्देश पर पोस्टपोन कर दिया गया है। कमेटी मेंबर पूरे हुए बगैर टेंडर खोला नहीं जा सकता।
- राजेश महता, सचिव नगर निगम