नगर निगम के अधिकारियों पर हरिनगर के लोगों ने ठीक हालात में पड़ी सड़क को उखाड़ने का आरोप लगाया है। मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध करते हुए ठेेकेदार को उखाड़ी गई सड़क का मलबा तक नहीं उठाने दिया। लोग एकत्रित होकर सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई। इस पर अधिकारियों ने मंगलवार को मौका स्थल पर पहुंच मुआयना करने की बात कही है।
हरिनगर निवासी नरेंद्र चोपड़ा मोहल्ले के लोगों व डिप्टी मेयर भीम महाजन को साथ लेकर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एक्सईएन रामजीलाल से मुलाकात की। लोगों ने कहा कि जहां लेवल खराब था वहां से सड़क ठीक की जा सकती थी पूरी सड़क उखाड़ने का कोई मतलब नहीं बनता। भीम महाजन ने बताया कि मिलने वाले लोगों में रोशन लाल, शिव कुमार यादव, नरेंद्र चोपड़ा, संजय, भगवानदास, सुशील कुमार सहित कई शामिल थे।
लोगों ने कहा कि उनके घरों के सामने जो सड़क का लेवल था उसी लेवल पर सड़क बनाई जानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो वे सड़क निर्माण को लेकर विरोध करेंगे। इस पर टेक्निकल विंग ने उन्हें शांत करने की कोशिश की और सुबह मौका मुआयना कर समाधान निकालने की बात कही।