ऑटो मार्केट फेज थ्री में निगम द्वारा की गई सील बिल्डिंग पर निर्माण चल रहा है। नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी है, लेकिन ड्यूटी पर होते हुई शनिवार को कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले को लेकर एक व्हाट्स एप ग्रुप में वीडियो जारी हो गया है। निगम अधिकारियों को लेकर अलग-अलग तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अधिकारियों पर इसका भी कोई असर नहीं है। सील की गई दुकान का शटर खोलकर अंदर और बाहर निर्माण चालू है।
पिता ने भी की थी सिफारिश
नगर निगम के एक बीआई के रिश्तेदार की बिल्डिंग बताई जा रही है। जिस दिन बिल्डिंग सील की गई थी, उसके अगले ही दिन बीआई के पिता ने भी फोन करके बेटे को सिफारिश की थी। बताया जा रहा है कि बीआई ने ही अपने रिश्तेदारों को सलाह दी थी कि छुट्टी के दिन वे निर्माण कर लें। इस दिन कोई कार्रवाई नहीं कर सकता।
सवालों के घेरे में बीआई
इस एरिया का बिल्डिंग इंस्पेक्टर सवालों के घेरे में पहले से ही है। उस पर अवैध निर्माण करने वाले एक बिल्डिंग मालिक से दो लाख रुपये में सेटिंग का आरोप था। कमिश्नर ने इस मामले में अधिकारियों से बात भी की थी और कहा था कि मुझे नहीं पता गलत काम नहीं होना चाहिए। अवैध निर्माण करने वालों पर हर हाल में कार्रवाई होनी चाहिए।
छह फरवरी को हुई थी बिल्डिंग सील
निगम अधिकारियों ने इस बिल्डिंग को छह फरवरी को सील किया था। निगम के कई अधिकारी मौके पर गए थे। उस दिन फेज थ्री में तीन और एक अन्य स्थान पर बिल्डिंग सील की गई थी। अधिकारियों ने उस दिन के बाद इन दुकानों को नहीं संभाला। लोग सील को हटाकर शटर खोलकर अंदर व बाहर काम कर रहे हैं।
जानकारी मिलने पर बिल्डिंग को सील कर दिया गया है, जल्दी ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
- इंद्रजीत कुल्हड़िया, ईओ नगर निगम