हिसार में गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन में भाग लेते श्रद्धालु।
हिसार। गुरु तेग बहादुर साहिब के शहीदी दिवस को समर्पित शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर साहिब द्वारा गुरुद्वारा साहिब गोबिंद नगर डाबड़ा चौक की ओर से शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब गोबिंद नगर से शुरू होकर जिंदल चौक होते हुए मॉडल टाउन गुरुद्वारा, सूर्य नगर, गुरुद्वारा मिलगेट, गुरुद्वारा बबराण, गुरुद्वारा ढंढूर, गुरुद्वारा सेक्टर-14, गुरुद्वारा जवाहर नगर, गुरुद्वारा 8 मरला कालोनी होकर वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचा।
नगर कीर्तन का शहर में जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और संगतों व शहरवासियों द्वारा रास्ते में जगह-जगह पर जलपान की व्यवस्था की गई। गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।
नगर कीर्तन के दौरान रागी जत्थे ने गुरु तेग बहादुर के अनमोल वचनों बारे बताया कि गुरु तेग बहादुर ने अपने वचनों में कहा था कि सच्चे नाम की कमाई से ही मनुष्य को सच्ची शांति मिलती है। जो मनुष्य अपने जीवन में सच्चाई और न्याय के सिद्धांतों का पालन करता है, वही सच्चा सिख है। सिख धर्म का मुख्य उद्देश्य मनुष्य को सच्चे नाम की कमाई और सच्चे जीवन के सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। गुरु तेग बहादुर की जीवनी एक प्रेरणा का स्रोत है, जो हमें सच्चाई, न्याय और धर्म के सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रेरित करती है। गुरुद्वारा के प्रधान सरदार मुख्तयार सिंह ने बताया कि रविवार को गुरुद्वारा साहिब में शहीदी समागम का आयोजन किया गया है। प्रसिद्ध रागी जत्थे व विद्वान पहुंचेंगे।
जिसमें भाई गुरदित्त सिंह हजूरी रागी जत्था दरबार साहिब, भाई नवजोत सिंह अरलीभंन प्रचारक, धर्म प्रचार कमेटी एचजीपीसी, भाई रघुबीर सिंह ढाडी जत्था धर्म प्रचार कमेटी, भाई मनवीत सिंह नाभा प्रचारक धर्म प्रचार कमेटी उपस्थित होकर गुरु की महिमा का गुणगान करेंगे। शहीदी समागम सुबह 10 से 2 बजे तक होगा और गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।