बास। गांव सोरखी के खेतों में सात महीने से साथ रहकर मजदूरी कर रहे प्रवासी मजदूर मुकेश कुमार ने मंगलवार रात शराब के नशे में अपने साथी 46 वर्षीय श्रीभगवान के सिर पर में डंडे से वार कर दिया। उसके बाद आरोपी मुकेश कुमार श्रीभगवान को लहूलुहान हालात में फर्श पर पड़ा छोड़कर चारपाई पर सो गया। बुधवार सुबह उठकर देखा तो श्रीभगवान की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद आरोपी ने खेत के मालिक जोगिंद्र को कॉल कर घटना की जानकारी दी और वहां से भाग गया। जोगिंद्र ने इसकी सूचना बास थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तुरंत बास थाना व सोरखी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वीरवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
बास थाने के अंतर्गत आने वाली सोरखी पुलिस चौकी को दिए बयान में धीरू कुमार ने बताया कि वह बिहार के जिले शिकारगंज कपूर पकरी का निवासी है और वह मजदूरी का काम करता है। उसके पिता श्रीभगवान करीब सात महीने पहले काम करने के लिए गांव सोरखी आए थे। वे गांव में ही मेहनत मजदूरी का काम करते थे। मेरे पिता ने बताया था कि वह गांव सोरखी में जोगिन्द्र के खेत में बने कमरे में रह रहे हैं और उनके साथ बिहार के तेतरिया राजेपुर जिले के गांव उलझीपुर निवासी मुकेश कुमार भी रहता है। मुकेश शराब पीकर अकसर मेरे पिता के साथ झगड़ा करता था।
22 जनवरी को मुझे सूचना मिली कि मंगलवार रात को मेरे पिता श्रीभगवान का मुकेश कुमार के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था और मुकेश ने किसी हथियार से मेरे पिता के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें मारकर हत्या कर दी। सूचना पर मैं परिवार सहित हांसी के नागरिक अस्पताल में पहुंचा।
जहां पर मैनें देखा कि मेरे पिता के सिर में काफी चोटें लगी हुईं हैं। मुकेश कुमार अकसर शराब पीकर मजदूरी के रुपये को लेकर झगड़ा करता था। बास थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।