हांसी। थाना सदर पुलिस ने गांव कुंभा में शुक्रवार रात को बुजुर्ग बरखा राम की हत्या के मामले में आरोपी पोते अंकित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। आरोपी को शनिवार को मेडिकल परीक्षण के बाद अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी है। पुलिस की तरफ से सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस चौकी शेखपुरा इंचार्ज उप निरीक्षक जयसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव कुंभा निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति पारिवारिक विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस, एफएसएल टीम एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की बेटी कमलेश के बयान के आधार पर शनिवार को थाना सदर में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मृतक के पोते नामजद आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया।