बरवाला पुराना बस अड्डा क्षेत्र व मेन बाजार में दुकान के आगे रखा सामान उठाने नगर पालिका कर्मचारी
बरवाला। नगर पालिका द्वारा पिछले लंबे समय से दुकानों के आगे रखे सामान को मार्ग से न हटवाने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले काफी बुलंद हो रहे थे। जिसके कारण शहर का मुख्य मार्ग व मेन बाजार तथा अन्य स्थानों के मार्ग संकरे होकर रह गए। इसको लेकर बुधवार को मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा अभियान को शुरू करते हुए दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया व कुछ सामान कब्जे में भी लिया। इस दौरान नगर पालिका कर्मियों ने मुख्य मार्ग, मेन बाजार आदि में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान लंबे समय बाद चलाए जाने के चलते नगर पालिका कर्मियों को कई स्थानों पर दुकानदारों का गुस्सा झेलना पड़ा। पालिका कर्मचारी जब सफाई निरीक्षक दीपक झांब के नेतृत्व में दुकानों के आगे रखा सामान हटवा रहे थे तो इस दौरान कई दुकानदारों के साथ कर्मियों की बहस भी हुई। पालिका प्रशासन की और से की गई कार्रवाई का दुकानदारों पर कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। प्रशासन के अभियान के कुछ समय के बाद दुकानदारों ने अपना सामान हाईवे की जगह पर रख दिया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन कभी कभार ही कार्रवाई करता है। प्रशासन के ढुलमूल रवैये के चलते अतिक्रमण करने वालों के हौसले काफी बुलंद हैं। जिसके चलते आमजन व वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियां उठानी पड़ती हैं। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन को चाहिए कि वह समय समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाते रहें।