हिसार। नगर निगम की तरफ से पार्क समितियों को पार्कों के रखरखाव के लिए बजट नहीं दिया जा रहा है। पीएलए आरडब्ल्यूए प्रधान सतपाल ठाकुर ने बताया कि बजट के अभाव में पार्कों के रखरखाव में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि पार्कों के रखरखाव को लेकर पार्क समितियों ने माली रखे हैं। इन्हें वेतन भी इसी बजट में दिया जाता है। बजट न मिलने से वह मालियों को वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं। वेतन न मिलने से मालियों के सामने भी आर्थिक समस्या पैदा हो गई है।
ठाकुर के अनुसार निगम द्वारा बजट देने में भेदभाव किया जा रहा है। सेक्टरों की आरडब्ल्यूए व पार्क समितियों को 1.75 रुपये प्रति स्क्वेयर मीटर के हिसाब से बजट दिया जा रहा है, जबकि कॉलोनियों की पार्क समितियों को दो रुपये प्रति स्क्वेयर मीटर के हिसाब से बजट दिया जा रहा है। यह मुद्दा भी हाउस की बैठक में उठाया गया था। निगम द्वारा हर दो माह में यह बजट जारी किया जाता है। शहर में करीब 118 पार्कों के लिए निगम प्रशासन की तरफ से बजट जारी किया जाता है। निगम प्रशासन द्वारा इन पार्कों के रखरखाव की जिम्मेदारी सेक्टरों की आरडब्ल्यूए व पार्क समितियों को दी गई है।
इस बारे में कमिश्नर से बात की जाएगी। जल्द ही बजट जारी किया जाएगा।
- गौतम सरदाना, मेयर