भूना। कस्बे के चंदन नगर में मुकेश की हत्या से परिवार के लोगों का पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भड़क गया। परिजनों ने मृतक के परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता देने और सभी बदमाशों की गिरफ्तारी होने तक मुकेश के शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। शुक्रवार को सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर पुराने बस स्टैंड पर मांगों के समर्थन में लोग मुकेश का शव रखकर जाम लगाएंगे। वहीं, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
चंदननगर में गरीबदास (65) की रविवार को दुकान बंद थी। उनके ममेरे भाई रामदास के निधन के कारण शोकाकुल परिवार के सदस्य लोग बैठे हुए थे। इस बीच दुकान पर बीड़ी का बंडल लेने के लिए आए काकू ने गरीबदास के 13 वर्षीय बेटे शिवम पर दुकान खोलने का दबाव बनाया। शिवम के दुकान खोलने से इन्कार करने पर उसकी पिटाई कर दी। शिवम के चाचा रमेश कुमार ने वारदात का विरोध करते हुए काकू को भगा दिया। इस घटना से खफा काकू के समर्थक दस मिनट बाद 40 से ज्यादा बदमाशों ने हथियारों से लैस होकर दुकानदार के घर पर हमला कर दिया। बदमाशों ने दो महिलाओं सहित आठ लोगों को घायल कर दिया। इनमें मुकेश प्रजापति (32) और रमेश कुमार (45) को बदमाशों ने चाकू घोंप दिया था। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल मुकेश प्रजापति को तीन दिन पहले हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वीरवार को हिसार के निजी अस्पताल में उपचार केदौरान मुकेश प्रजापति की मौत हो गई।
मुकेश हत्याकांड में बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को नाराज लोग सिरसा-चंडीगढ़ रोड पर पुराने बस स्टैंड पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं, मुकेश प्रजापति के शव का वीरवार को हिसार के सिविल अस्पताल में शाम को पोस्टमार्टम हुआ। शाम करीब 6.45 बजे शव को एंबुलेंस में सीएचसी केंद्र भूना लाया गया।
ऑल हरियाणा शेड्यूल कास्ट इंप्लाइज फेडरेशन के पूर्व राज्य उपप्रधान सुखदेव भुक्कल, बैकवर्ड नेता भीम सिंह झींझर व कुलदीप बौद्ध ने बताया कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलवाने के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे सैकड़ों लोग मुकेश का शव सड़क पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। मृतक की पत्नी को आंगनबाड़ी या अन्य विभाग में सरकारी नौकरी देने, मृतक के परिवार को 50 लाख की आर्थिक मदद करने, पुलिस सुरक्षा देने, 40 बदमाशों को तुरंत गिरफ्तार करने व पीड़ित परिवार के दो सदस्यों का शस्त्र लाइसेंस बनाने और घटना के दौरान मौके पर मौजूद रहे लापरवाह पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने की मांग प्रशासन से की जाएगी। उधर, डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि वारदात में मुख्य आरोपी मोनू उर्फ कांशी को गिरफ्तार कर चुके हैं। वीरवार को संजय, अमित, मयंक, अंकुश, दीपक, संदीप, पिटू, मंगल को हिरासत में लिया है।
केले की रेहड़ी लगाकर परिवार पालता था मुकेश
दुकानदार गरीबदास के तीन बेटे बड़ा उदयवीर, मझले मुकेश के अलावा सबसे छोटा शिवम है। मझला बेटा मुकेश प्रजापति शहर में केले की रेहड़ी लगाकर और सीजन में रीपर चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मुकेश के परिवार में पत्नी कमलेश के अलावा 12 वर्षीय बेटा विशाल व 10 वर्ष की बेटी काकुल है। मुकेश की मौत की सूचना मिलने के बाद से ही कमलेश व उसके दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
अभी तक सभी 40 आरोपियों में से सिर्फ 9 को पकड़ पाई पुलिस
इस मामले में अभी तक पुलिस की कार्रवाई भी ज्यादा गंभीरता भरी नजर नहीं आई है। पुलिस के सामने बेधड़क होकर घरों पर ईंट-पत्थर बरसाने वाले 40 आरोपियों में से पुलिस तीन दिन में मात्र नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई है। अभी तक सभी आरोपी काबू करने में भी पुलिस नाकाम रही है।
दुकानदार गरीबदास के घर पर हुए हमले में मुकेश प्रजापति की मौत के बाद पुलिस ने हत्या प्रयास के मामले में अब हत्या की धारा 302 को शामिल कर दिया है। वारदात में शामिल 9 हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी काकू भी शामिल है।
अजायब सिंह, डीएसपी