हिसार। हरियाणा में लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। भाजपा की सरकार वोट चोरी से बनी है। यह आरोप हिसार के सांसद जयप्रकाश ने बुधवार को कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी उन्हें हराने के लिए वोटों की चोरी की गई। उनकी जीत का अंतर डेढ़ लाख से घटकर 65 हजार रह गया।
विधानसभा चुनाव में भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सात प्रतिशत वोट बढ़ने पर सवाल उठाए थे। अब कांग्रेस वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे के साथ सड़क से संसद तक जवाब मांगेगी। सांसद जयप्रकाश ने भाजपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के 12 साल, जनता बेहाल अभियान के तहत जनता के मुद्दे उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, बेरोजगारों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों से किए वादे पूरे नहीं किए। सरकार 76 वादे पूरे करने का दावा कर रही है। उसे आंकड़ों के साथ बताना चाहिए कि कौन-सा वादा कैसे पूरा हुआ।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को 2100 रुपये देने का वादा शर्तों में उलझा दिया गया। आयुष्मान योजना में 10 लाख रुपये तक के उपचार का एलान हुआ लेकिन लोगों को पांच लाख रुपये का लाभ भी नहीं मिल रहा। दो लाख सरकारी भर्तियों का वादा भी पूरा नहीं हुआ।
सांसद ने एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि हरियाणा में कौन-सी फसल कहां और कितनी खरीदी जा रही है। उनके अनुसार ग्रुप ए और बी की नौकरियों में बाहरी लोगों को लगाया जा रहा है। उच्च डिग्रीधारी युवाओं को ग्रुप डी में नौकरी देना उनके अपमान जैसा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी कार्यालय में तीन करोड़ रुपये पकड़े जाने के बावजूद आयोग के सदस्यों और चेयरमैन पर कार्रवाई नहीं हुई। केवल कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया गया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और बड़े पदों पर आरएसएस से जुड़े लोगों की नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए। कहा कि सरकार सवाल पूछने वाले युवाओं को जेल भेज रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने आरोप लगाया कि सरकार ने कागजों में काम किया है, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं बनी हुई हैं। उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने बताया कि वोट बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम के तहत एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के लोग जुटेंगे।