जिला कारागार में बुधवार रात को एक बैरक में मोबाइल फोन मिलने पर हड़कंप मच गया। थाना शहर पुलिस ने जेल उपाधीक्षक की शिकायत पर तीन सजायाफ्ता कैदियों के विरूद्ध जेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर तीनों कैदियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात एक कैदी ने कुछ कैदियों को मोबाइल फोन पर बात करते सुना और इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी। जेल उपाधीक्षक अमित भांदू मौके पर पहुंचे और तलाशी के दौरान बैरक में से मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
जेल उपाधीक्षक ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन का प्रयोग सजायाफ्ता कैदी गांव कर्मगढ़ निवासी समीर नैन, जींद निवासी अजय कुमार और गांव घमाणा निवासी अमरजीत सिंह कर रहे थे। समीर डकैती के मामले में दस साल की, अजय हत्या के मामले में और अमरजीत एक संगीन मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दलीप सिंह ने मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है।
उन्होंने बताया कि अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर तीनों कैदियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जाएगी। जेल उपाधीक्षक अमित कुमार भांदू ने बताया कि विभागीय स्तर पर उनके द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है। पहले इस बात का पता लगाया जाएगा कि सिम किसके नाम पर जारी किया है और किसकी सहायता से फोन और बैटरी जेल में पहुंचे।