हिसार। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि कांग्रेस विकसित भारत जी राम जी योजना के बारे में दुष्प्रचार कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने श्रमिकों और जरूरतमंदों के हित में इस योजना को लागू किया है, जिसमें काम के दिन बढ़ाए गए हैं और इसे गरीबों के अनुकूल बनाया गया है।
मंत्री बेदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान मनरेगा भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई थी और अब भी विपक्षी दल झूठे दावे कर योजना का लाभ पाने वाले श्रमिकों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और हरियाणा की जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेताओं का चेहरा और चरित्र भली-भांति पहचान चुकी है, इसलिए अब उनके दुष्प्रचार का असर कम होता जा रहा है।
कृष्ण बेदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस न तो लोकसभा और राज्यसभा में और न ही हरियाणा विधानसभा में अपने सकारात्मक सुझाव पेश कर पाती है। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने की। इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार, मेयर प्रवीण पोपली, श्रीनिवास गोयल, अनूप धानक भी माैजूद रहे।