हिसार। मिशन बुनियाद के अंतर्गत लेवल-2 की परीक्षा 28 जनवरी को होनी है। प्रदेशभर में 65 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जहां 21138 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक परीक्षा चलेगी। विशेष बात है कि प्रवेश के लिए परीक्षार्थियों को अपने स्कूल की वर्दी पहनना और एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए है कि वे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा करेंगे। परीक्षा की पूरी कमान इस बार जिला विज्ञान विशेषज्ञों की सौंपी गई है, जोकि हर व्यवस्था के नोडल अधिकारी होंगे। परीक्षार्थी एडमिट कार्ड के अलावा आधार कार्ड की फोटोकॉपी, एक काला व एक नीला पैन व पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाएं।
-
हिसार जिले में बनाए चार केंद्र
नहर कोठी समीप राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बरवाला।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आदमपुर।
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हांसी।
जहाजपुल चौक समीप राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हिसार।
प्रति परीक्षा केंद्र में उपस्थित रहेंगे विकल्प फाउंडेशन के दो सदस्य
मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट है कि हर परीक्षा केंद्र में विकल्प फाउंडेशन के दो-दो सदस्य शामिल रहेंगे, जोकि परीक्षा की व्यवस्था बनाने रखने में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे। इनकी जिम्मेदारी यह भी रहेगी कि जैसे ही परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर-पुस्तिका जैसे ही डीईओ कार्यालय में पहुंचेगी तो उनको विकल्प संस्थान में भिजवाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विकल्प फाउंडेशन के सदस्यों की रहेगी।
28 जनवरी को मिशन बुनियाद लेवल टू की परीक्षा होगी, जिसके लिए प्रदेश स्तर पर 65 केंद्र बनाए हैं। 21 हजार से अधिक परीक्षार्थी प्रदेश स्तर पर परीक्षा देंगे। - विजेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, हिसार प्रथम खंड।