हिसार। गांव सुरेवाला में मंगलवार रात को बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम के साथ ग्रामीणों की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बिजली निगम के जेई विक्रम सिंह की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। उकलाना थाने की पुलिस ने इस मामले में 3 नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में बिजली निगम के जेई विक्रम सिंह ने बताया कि वह अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ 10 फरवरी की शाम को गांव सुरेवाला में बिजली चोरी की जांच के लिए गए थे। जांच के दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया, काम करने से रोका और भय का वातावरण पैदा किया। इसी दौरान बिंदर ने उसे थप्पड़ मार दिया। वहीं, रमेश उर्फ पप्पू ने सरकारी डायरी के पन्ने फाड़ दिए। सुनील उर्फ कोकी ने टीम के साथ अभद्रता की।
जेई ने बताया कि इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर 40 से 50 ग्रामीण एकजुट हो गए, जिससे सरकारी काम में बाधा उत्पन्न हुई और कर्मचारियों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया। उकलाना थाने से जांच अधिकारी नवीन मलिक ने बताया कि इस मामले में बिंदर उर्फ दुधिया, रमेश उर्फ पप्पू और सुनील उर्फ कोकी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
-
ग्रामीण पहुंचे थाने
उधर, इस घटना के अगले दिन बुधवार को सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीण एकत्रित हुए। सरपंच बानी पातड़ ने कहा कि बिजली निगम के कर्मचारी निजी वाहन से आए थे, जिस कारण से उनकी पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने किसी भी अधिकारी व कर्मचारी के साथ मारपीट नहीं की, सिर्फ उनसे पूछा था। पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ गलत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में ग्रामीण थाने पर पहुंचकर नाराजगी जताई।।