हिसार। नारनौंद के निजी नर्सिंग कॉलेज की करीब 170 छात्राएं माइग्रेशन प्रक्रिया अटकने से परेशान हैं। छात्राओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था। वीरवार को 12 खाप के प्रधान रतन सिंह को हांसी के विधायक विनोद भयाना ने 10 दिन में माइग्रेशन कराने का आश्वासन दिया है।
हालांकि छात्राओं का कहना है कि उन्हें अभी तक लिखित में कोई सूचना नहीं मिली है। आंदोलन के दौरान भी उन्होंने विधायक से लिखित आश्वासन देने को कहा था लेकिन वह इसे टालते रहे। इस बीच लगभग 70 छात्राओं ने कॉलेज का हॉस्टल छोड़ दिया है और माइग्रेशन की प्रतीक्षा कर रही हैं।
छात्राओं का कहना है कि 31 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7.30 बजे उनका धरना इस आश्वासन पर खत्म हुआ था कि उनका माइग्रेशन दूसरे कॉलेज में किया जाएगा। उस समय विधायक ने कहा था कि वे मुख्यमंत्री की ओर से यहां आए हैं और 15 दिन के भीतर माइग्रेशन कर दिया जाएगा। अब तक माइग्रेशन नहीं हुआ। इसके बाद 15 जनवरी 2025 को छात्राओं ने उपमंडल अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम पत्र सौंपकर माइग्रेशन की जल्द कार्रवाई की मांग की।
:::::::::::::::::::::::::
छात्राओं की ओर से माइग्रेशन की मांग विधायक के सामने रखी गई है। प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसमें लगभग एक हफ्ते से 10 दिन का समय लग सकता है। -रतन सिंह, प्रधान 12 खाप