हिसार। जिले के तलवंडी राणा में नहर पुल के पास सड़क पार कर रहे बिहार निवासी एक प्रवासी मजदूर की तेल टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा रविवार शाम उस समय हुआ जब वह साथियों के साथ मजदूरी कर वापस लौट रहा था।
सदर थाना पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में बिहार के अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के आरोही पूर्व वार्ड-4 निवासी विजय ने बताया कि वह अपने पिता विदो उर्फ विद्यानंद और अन्य मजदूरों के साथ गांव तलवंडी राणा में मजदूरी करने आया था। सभी मंगतू राम के खेत में बने कमरे में रहते थे। रविवार शाम काम खत्म होने के बाद वे पैदल लौट रहे थे।
तलवंडी राणा टी-प्वाइंट से आगे नहर पुल के पास सड़क पार करते समय हिसार की ओर से तेज गति से आए तेल टैंकर ने उसके पिता को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क किनारे जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। साथी उन्हें नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी एसआई रमेश ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।