हिसार। कैंट के सामने मंगलवार दोपहर ट्राले की टक्कर से घायल हुए स्कूटी सवार अधेड़ की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना के जांच अधिकारी विक्रम ने बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सातरोड खास निवासी 56 वर्षीय वेदपाल फैक्टरी में काम करते थे। मंगलवार दोपहर वह स्कूटी से फैक्टरी जा रहे थे। कैंट गेट के सामने ट्राले ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे वह सड़क पर गिर गए और ट्राले का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वेदपाल के दो बेटे और एक बेटी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में कारीगर की मौत
हिसार। राजगुरु मार्केट में ज्वेलर्स दुकान पर काम करने वाले उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गांव उमरी गणेशपुर निवासी राजेश (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को सिटी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। विसरा सैंपल को जांच के लिए लैब में भिजवाया जाएगा। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश शराब पीने का आदी था। वह मंगलवार रात को शराब पीकर कमरे पर गया था और सुबह मृत मिला। ब्यूरो