हांसी रोडवेज की बस के नीचे आया व्यक्ति। सोशल मीडिया
हांसी। काली देवी चौक के समीप शनिवार दोपहर पुट्ठी मंगलखां निवासी देवी सिंह (60) ने रोडवेज बस के आगे लेटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बुजुर्ग जींद रोड स्थित गगनखेड़ी धाम पर बेटी की शादी का कार्ड देेने के लिए गया था। सूचना मिलते ही हांसी बस स्टैंड चौकी पुलिस कार्रवाई के लिए हिसार पहुंची। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हाे रहा है।
हिसार के नागरिक अस्पताल में मौजूद बुजुर्ग के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवाया। 11 मार्च को देवी सिंह बेटी की शादी है। वह कार्ड बांटने की बात कहकर घर से निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
बस स्टैंड चौकी प्रभारी और जांच अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मृतक के बेटे विकास ने घटना के संबंध में सूचना दी है। विकास ने बताया है कि उनके पिता देवी सिंह मानसिक रूप से परेशान थे। शनिवार को घर के शादी केे कार्ड बांटने की बात कहकर हांसी आए थे। वह काली देवी चौक से इफको एजेंसी वाली साइड से पैदल चलकर बस स्टैंड की आ रहे थे।
वह इफको केंद्र के पास पहुंचे तो बस स्टैंड से काली देवी चौक की तरफ जा रही रोडवेज बस के आगे लेट गए। इससे बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। हालांकि रोडवेज चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए। स्थानीय दुकानदार और बस सवार यात्री उन्हें बचाने के लिए दौड़े। हिसार में एक अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी माैत हो गई। मृतक के तीन बेटी व एक बेटा है। दो बेटियां विवाहित हैं।