संपदा अधिकारी आंचल भास्कर को ज्ञापन सौंपते सेक्टर 33 निवासी।
हिसार। सेक्टर-33 के निवासियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी की ओर से प्रधान धर्मवीर पानू की अध्यक्षता में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोसाइटी पदाधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, सड़कों, पार्कों और स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी प्रमुख समस्याएं रखीं।
प्रधान धर्मवीर पानू ने बताया कि सेक्टर में सफाई कर्मचारी न होने से सड़कों पर गंदगी फैली हुई है और खाली प्लॉटों में झाड़ियां व कीकर उग आए हैं। 45 मीटर रोड पर स्ट्रीट लाइट का काम टेंडर के बावजूद अधूरा है, वहीं पार्कों का विकास नहीं हुआ और बरसात से सड़कों में गड्ढे बन गए हैं। छह महीने पहले ट्री गार्ड लगाने का टेंडर भी जारी हुआ था, पर कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा सीआईआरबी के पास गंदे पानी के जमा होने से भूमिगत जल स्तर ऊपर आ गया है।
संपदा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मंगलवार से सेक्टर में छह सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे और खाली प्लॉटों की सफाई के लिए जेसीबी का काम शुरू होगा। सड़कों के पेचवर्क का कार्य 29 अक्तूबर से शुरू किया जाएगा और ब्रह्म सफाई का कार्य भी जल्द करवाया जाएगा। बैठक में पार्षद प्रतिनिधि टीनू जैन, महासचिव बलविंदर सिंह, सतबीर मेहरा, एसडीओ रामप्रसाद, पवन शर्मा, अनूप बूरा, अनुपम जावा, धर्म सिंह खटकड़, राजेंद्र सहगल व सनी नागपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।