हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) की 102वीं कार्यकारी परिषद बैठक बुधवार को कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई की अध्यक्षता में कुलपति कार्यालय के कमेटी हॉल में हुई। इस दाैरान आठ प्रोफेसर काे सीनियर प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत किया गया।
कुलपति प्रो. बिश्नोई ने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें आठ प्रोफेसर्स को कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम के तहत सीनियर प्रोफेसर के पद पर पदोन्नति देने को मंजूरी दी गई। इनमें प्रो. कर्मपाल नरवाल, प्रो. संजीव कुमार, प्रो. बी.के. पूनिया, प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई, प्रो. मनोज दयाल, प्रो. संदीप सिंह, प्रो. आशीष अग्रवाल और प्रो. सुजाता सांघी शामिल हैं।
बैठक का संचालन कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने किया। इसके अलावा, डॉ. संजीव कुमार को लेवल-12 और डॉ. अनिता किरडोलिया को लेवल-11 शैक्षणिक उच्चतर स्केल प्रदान करने को भी स्वीकृति मिली।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जयदेव बिश्नोई, डॉ. साक्षी जैन, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. तेजपाल, डॉ. संजय कुमार और डॉ. रमेश कुमार की नियुक्तियों की पुष्टि की गई। वहीं, सहायक खेल निदेशक मृलाणिनी नेहरा को एसीपी लेवल-13 देने का निर्णय भी लिया गया।
कर्मचारियों को बड़ी राहत : हरियाणा सरकार की अधिसूचना के अनुसार विश्वविद्यालय कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के कुलपति प्रो. जेपी यादव, पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व प्रो. बीबी गोयल, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की प्रो. सुनीता मेहला, प्राचार्य डॉ. पवित्र मोहन शर्मा और डॉ. कमलेश दूहन मौजूद रहे।