हिसार। एजेंसी की नियुक्ति न होने के कारण मंगलवार को सिंचाई विभाग की तरफ से डाबड़ा माइनर की पैमाइश का काम शुरू नहीं हो सका। विभाग के अधिकारी का कहना है कि जल्द ही पैमाइश का नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस सड़क को दिल्ली रोड के विकल्प के तौर पर बनाया जाना प्रस्तावित है। इससे जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।
बता दें कि बीएंडआर की तरफ से डाबड़ा माइनर पर तोशाम रोड से राजगढ़ रोड तक के करीब 3.4 किलोमीटर के हिस्से पर सड़क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। चूंकि जमीन पर काफी लोगों ने कब्जे किए हुए हैं तो सिंचाई विभाग ने मौके की पैमाइश करवाने का फैसला किया ताकि यह पता चल सके कि मौके पर कितनी जमीन है और कितनी जमीन पर लोगों ने कब्जे कर रखे हैं। इस पैमाइश के बाद विभाग की तरफ से इन कब्जों को हटाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2016 में एक रैली के दौरान डाबड़ा माइनर पर रोड बनाने की घोषणा की थी।
पैमाइश का काम निजी एजेंसी से करवाया जाना है। मगर अभी एजेंसी की नियुक्ति नहीं हो सकी, जिस कारण पैमाइश का कार्य नहीं हो सका। अब एजेंसी की नियुक्ति होने के बाद नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। -
सत्यवीर सिंह, एसडीओ, सिंचाई विभाग