हांसी। नगर परिषद में विवाह पंजीकरण का काम एक महीने के बाद फिर से शुरू हो गया है। पोर्टल पर तकनीकी खामी के चलते विवाह पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं हो पा रहे थे। जिसके चलते लोग परेशान हो रहे थे।
नगर परिषद ने सोमवार से आवेदन लेने भी शुरू कर दिए। विवाह पंजीकरण का काम नगर परिषद की जन्म मृत्यु शाखा में किया जाता है। इसके लिए प्रतिदिन करीब दो आवेदन आते हैं। आवेदन के लिए दस्तावेज पूरे करके फाइल लगाई जाती है। जिसके बाद यहां से ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। लेकिन एक महीने से ई-दिशा के विवाह पंजीकरण पोर्टल में तकनीकी दिक्कत आ रही थी। आवेदन न होने के चलते फाइलों को स्वीकार नहीं किया जा रहा था। अब फिर से पंजीकरण का काम शुरू हो गया है। सोमवार को दो आवेदन स्वीकार किए गए।
बता दें कि विवाह पंजीकरण के लिए दंपती के पास विवाह के बाद तीन महीने का समय होता है। विवाह के तीन महीने से एक वर्ष तक पंजीकरण में देरी होने पर एसडीएम व एक वर्ष से ज्यादा समय होने के बाद डीसी स्तर पर मंजूरी लेनी पड़ती है। पंजीकरण के लिए फीस ऑनलाइन भरी जाती है।
वर्जन
विवाह पंजीकरण का पोर्टल शुरू हो गया है। दंपती पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।- विकास दत, इंचार्ज, जन्म मृत्यु शाखा