हिसार। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की हिसार इकाई ने आईपीएस अधिकारी वाई पूरण की आत्महत्या मामले में न्याय की मांग के लिए बुधवार को रोष मार्च निकाला। कर्मचारियों ने एचएयू गेट नंबर चार से लघु सचिवालय तक नारेबाजी करते हुए रोष मार्च निकाला।
संघ के राज्य उपप्रधान राजेश बागड़ी ने कहा कि वाई पूरण कुमार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार समय रहते न्याय नहीं देती, तो संघ बड़े आंदोलन के लिए तैयार है। उन्होंने आरोपियों पर एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत कार्रवाई और इस मामले की निगरानी उच्चतम न्यायालय या राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से कराने की मांग की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए इकाई प्रधान सुरेंद्र उर्फ गोलू ने बताया कि वाई पूरण के सुसाइड नोट में स्पष्ट रूप से जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न का जिक्र है। उन्होंने कहा कि पी अमनीत कौर के बयान पर केस दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपप्रधान धर्मपाल, अनिल डोली, सोहनलाल, विजेंद्र, राजपाल आदि मौजूद रहे।