हिसार। मिलगेट एरिया में जलेबी चौक के पास एक डेयरी की दीवार के मलबे के नीचे दबने से 34 वर्षीय व्यक्ति मुकेश की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मुकेश किसी काम से दीवार पर चढ़ा हुआ था। मृतक भारत नगर का रहने वाला था।
एचटीएम थाना पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पड़ाव चौक निवासी मखना की मिलगेट एरिया में जलेबी चौक के पास डेयरी है। वहां पर भारत नगर निवासी मुकेश काम करता था। शनिवार दोपहर को वह डेयरी में काम कर रहा था। इस दौरान किसी काम से मुकेश डेयरी की दीवार पर चढ़ गया। अचानक दीवार गिर गई और वह मलबे के नीचे दब गया। जख्मी हालत में उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लाया गया। बाद में परिजन उसकी हालत को देखते हुए निजी अस्पताल में ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के तीन बच्चे हैं। एचटीएम थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।