मलोट रोड पर टैक्स बैरियर के पास सोमवार शाम को एक निजी बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी पत्नी और बेटी बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऐलनाबाद निवासी बिट्टू (33) अपनी पत्नी निर्मला और 14 वर्षीय बेटी आना के साथ सोमवार शाम को बाइक पर डबवाली आ रहा था। मलोट रोड पर स्थित टैक्स बैरियर के पास सामने से आ रही एक निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
बाइक सवारों को बस करीब 100 फुट तक घसीटकर ले गई। सिर कुचलने से बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने घायल मां-बेटी को उपचार के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया।
दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी ट्रक चालक राजकुमार ने बताया कि तेज गति से आ रही बस ने गांव लंबी की ओर से आ रहे बाइक सवारों को कुचल दिया। गांव पंजावा निवासी गुरजंट सिंह दुर्घटना के लिए टैक्स बैरियर को ही कारण मान रहे हैं।
अस्पताल में उपचाराधीन आना ने बताया कि उसको दौरे आते हैं। उसके इलाज के लिए वे लोग लंबी (पंजाब) लेकर गए थे। दवाई लेकर गांव लौट रहे थे। उसका पिता बिट्टू ऐलनाबाद में हलवाई का काम करता था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची किलियांवाली पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और बस को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।