अग्रोहा धाम वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की बैठक अग्रोहा धाम में अग्रोहा विकास ट्रस्ट के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद को बढ़ावा दिया और गरीबों को ऊंचा उठाने के लिए हर गरीब व जरूरतमंद व्यक्तियों को एक ईट एक मुद्रा देने की परंपरा अपने राज्य में चालू की।
महाराजा अग्रसेन की राजधानी हिसार जिले के अग्रोहा में थी। उनके नाम पर 30 एकड़ में भव्य अग्रोहा धाम व 277 एकड़ में मेडिकल कॉलेज बना हुआ है। धाम में रहने के लिए 250 कमरे बने हैं। 20 करोड़ रुपये की लागत से भव्य महाराजा अग्रसेन के नाम का म्यूजियम, ऑडिटोरियम व 3.5 करोड़ की लागत से एसी धर्मशाला व करोड़ों रुपये की लागत से खाटू श्याम मंदिर के साथ-साथ महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल स्कूल भी बनाया जा रहा है। सरकार ने हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखकर सराहनीय कार्य किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार से मांग की है कि हिसार में एयरपोर्ट बनाने के साथ-साथ अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ा जाए व अग्रोहा को पर्यटन स्थल बनाया जाए। टीले की खुदाई का काम जल्द शुरू किया जाए।