हिसार। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फतेहाबाद यूनिट ने 6 महीने से फरार चल रहे मुख्य नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमित बढाला उर्फ अमित सिहंमार के रूप में हुई है। आरोपी हिसार के गांव बढाला निवासी है।
दरअसल, फतेहाबाद यूनिट के इंचार्ज उपनिरीक्षक तरसेम सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ नशीले पदार्थों की रोकथाम के मामले में थाना शहर फतेहाबाद क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें नशा तस्कर की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हांसी के थाना बास में गांजा तस्करी का मामला दर्ज है और वह इसमें फरार चल रहा था। मामले में सबसे पहले आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 25 किलो 500 ग्राम गांजा और एक्सयूवी 500 गाड़ी बरामद की गई थी।
जांच में सामने आया कि कुलबीर सिंह और मुख्य नशा तस्कर अमित बढाला के कहने पर गाड़ी और गांजा आरोपी सुनील कुमार को देकर गया था। आरोपी कुलबीर को गिरफ्तार करने पर पता चला कि वह गांजा छत्तीसगढ़ से खरीदकर लाया था। जिसके बाद आरोपी कुलबीर का रिमांड पर लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर से मुख्य सप्लायर अतुल साह को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, इस मामले में मुख्य आरोपी अमित बडाला पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। जिसे पुलिस की ओर से 6 महीने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके बाद उसे कोर्ट किया गया और दो दिन की रिमांड पर लिया गया। जहां आरोपी से उसके सप्लाई नेटवर्क, अंतरराज्यीय कनेक्शन, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित सहयोगियों की पूछताछ की जाएगी।