हिसार। जिला पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने बुजुर्ग किसान से धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने और बैंक में गिरवी रखने के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी न्योली कलां निवासी सुरेंद्र कुमार को न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक वेदपाल के मुताबिक शिकायतकर्ता बुजुर्ग किसान स्याहड़वा निवासी अर्जन ने शिकायत दी थी कि वह पढ़ा-लिखा नहीं और आंखों की रोशनी भी कमजोर है। आरोपी सुरेंद्र शर्मा ने उसकी लाचारी का नाजायज फायदा उठाते हुए धोखाधड़ी को अंजाम दिया। आरोपी ने जूस व अन्य पेय पदार्थ का प्लांट मॉडल टाउन हिसार में लगाने के बहाने 15 वर्ष के लिए जमीन लीज पर देने का आग्रह किया और 5 वर्ष के बजाय 30 वर्ष का पट्टा नामा तैयार करवाकर अंगूठा लगवा लिया। आरोपी ने उक्त लीज डीड के आधार पर उसकी 10 कनाल 11 मरले कृषि भूमि को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सेक्टर 14 हिसार शाखा में बिना उसकी सहमति के गिरवी रखकर लोन ले लिया था।