समाधा मंदिर के पूर्व महंत चंदनपुरी पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के आरोप में सीआईए टू की टीम ने शुक्रवार को समाधा मंदिर के महंत पंचमपुरी, संदीप व सोनू उर्फ कमांडो को गिरफ्तार कर लिया। महंत पंचमपुरी पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। करीब 400 एकड़ जमीन के विवाद में रंजिश की वजह से पूर्व महंत चंदनपुरी पर फायरिंग की गई थी। अभी यह खुलासा नहीं हुआ है कि आरोपियों में से किसने गोलियां चलाई थीं।
गौरतलब है कि चंदनपुरी को तीन गोलियां मारने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को समाधा मंदिर के महंत पंचमपुरी को हिरासत में ले लिया था। शुक्रवार सुबह महंत श्रद्धालुओं के साथ एसपी के समक्ष सुरक्षा मांगने पहुंचे थे और कुछ देर बाद ही सीआईए टीम ने महंत को हिरासत में ले लिया था। मामला महंत व मंदिर की आस्था से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील है, इसलिए पुलिस ने फूंक-फूंक कर कदम रखा था। शुक्रवार व शनिवार देर शाम तक पुलिस इस मामले पूछताछ करती रही और सीआईए टू की टीम ने कई स्थानों पर दबिश देकर वारदात को सुलझाया। वहीं शुक्रवार रात करीब नौ बजे सीआईए टीम द्वारा महंत को समाधा मंदिर में पुलिस हिरासत में पूजापाठ करने के लिए भी ले जाया गया था।
आरोपी सेवादार के नाम पर लिए सिमकार्ड को पंचमपुरी कर रहा था इस्तेमाल
बता दें कि महंत चंदनपुरी पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने महंत पंचमपुरी सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस के हाथ कई अहम सुबूत लगे। पुलिस ने मंदिर में महंत पंचमपुरी की सेवा करने वाले एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। सूत्रों द्वारा जानकारी मिली कि हमले के आरोपी सेवादार के नाम पर लिए गए सिमकार्ड को महंत पंचमपुरी इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने मंदिर की डीवीआर भी शुक्रवार को अपने कब्जे में ले ली थी।
क्या था मामला
समाधा मंदिर के पूर्व महंत चंदनपुरी पर मंगलवार को दो युवकों ने तीन गोलियां चला दी थीं। पूर्व महंत चंदनपुरी बरवाला रोड स्थित अपने खेतों की तरफ जा रहे थे और रास्ते में चाय की दुकान पर सिगरेट लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और उन पर गोलियां बरसा दीं। घायल महंत चंदनपुरी को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत के मद्देनजर डॉक्टरों ने हिसार रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल में घायल महंत चंदनपुरी ने आरोप लगाया था कि समाधा मंदिर के गद्दीनशीन पंचमपुरी ने यह वारदात करवाई और वह गोली चलाने वाले युवकों के साथ था। उन्होंने बताया कि पंचमपुरी गाड़ी में आगे-आगे चल रहा था और साथ में दो बाइकों पर युवक सवार थे, जिन्होंने उन पर गोली चला दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गंभीर हालत में चंदनपुरी को हिसार रेफर किया गया। उनके पेट में गोली लगी है और हाथों पर भी छर्रे के निशान हैं।
मंदिर की गद्दी को लेकर चल रहा है विवाद
समाधा मंदिर में महंत चंदनपुरी लंबे समय तक रहे, लेकिन बाद में पंचमपुरी को मंदिर का गद्दीनशीन बनाया गया। इसी बात पर दोनों के बीच कई सालों से विवाद चल रहा है। इससे पूर्व भी चंदनपुरी व पंचमपुरी महंत कई बार आपस में भिड़ चुके हैं। सैनीपुरा गांव में स्थित जमीन को लेकर भी लंबे समय से दोनों के बीच विवाद है। हांसी की कोर्ट में भी दोनों के बीच कई मामले विचाराधीन हैं।
आज करेंगे कोर्ट में पेश
समाधा मंदिर के पूर्व महंत चंदन पुरी पर हमला करने के मामले में सीआईए टू की टीम ने शनिवार को चंदन पुरी पर हमला करने के आरोप में तीन को गिरफ्तार किया है, जिसमें समाधा मंदिर के गद्दीनशीन पंचमपुरी, संदीप व सोनू उर्फ कमांडो को गिरफ्तार किया है, जिनको आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अन्य वारदात में शामिल युवकों का पता लगाया जा सके। - सुभाष शर्मा, जिला पुलिस प्रवक्ता हांसी।