हिसार के वार्ड नंबर 20 के जिला पार्षद महाराज दर्शन गिरी ने जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विकास कार्य न होने से नाराज चल रहे महाराज दर्शन गिरी ने चेयरमैन के खिलाफ 31 जुलाई से जिला परिषद कार्यालय के बाहर धरना शुरू करने का एलान किया था। उन्होंने अन्य पार्षदों से भी धरने में सहयोग मांगा है। बता दें कि दर्शन गिरी महाराज जिला परिषद के चेयरमैन पद के लिए दावेदार थे।
दर्शन गिरी महाराज ने कहा कि करीब दो साल देरी से चुनाव होने के कारण लोगों को जनप्रतिनिधियों से काफी उम्मीद थी। जिला परिषद के चुनावों को करीब 9 महीने हो चुके हैं। अब तक किसी भी वार्ड में एक भी विकास कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने अन्य पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि चेयरमैन सोनू सिहाग की कार्यप्रणाली के चलते काम लटके हुए हैं। विकास कार्याें के लिए हम सभी को एकजुट होना पड़ेगा। अगर हम काम कराने में असफल रहे तो जनता हमें भी झूठा और छल कपटी कहेगी।
पहले भी हो चुका विरोध
इससे पहले भी जिला परिषद के कुछ सदस्य जिला पार्षद सुनील मुंड के आवास पर जुटे थे। जिसमें विकास कार्याें की देरी के लिए चेयरमैन सोनू सिहाग को जिम्मेदार ठहराया था। बाद में जिला पार्षद चेयरमैन से मिले थे। चेयरमैन की ओर से भरोसा दिए जाने के बाद जिला पार्षद शांत हो गए थे।
मैनें कोई काम नहीं कभी नहीं रोका। मेरी ओर से सभी तरह की स्वीकृति दी जा चुकी हैं। कुछ समय के लिए अधिकारियों के पद खाली होने के कारण एस्टीमेट स्वीकृत होने में समय लगा था। विभाग की ओर से प्रक्रिया को पूरा करने के बाद टेंडर लगाए जाएंगे। उम्मीद है अगस्त महीने में टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। -
सोनू सिहाग डाटा, चेयरमैन, जिला पार्षद, हिसार।