नारनौंद। राजकीय महाविद्यालय खेड़ी चौपटा में शिक्षा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 से कॉलेज में एमए समाजशास्त्र का नया कोर्स शुरू किया जाएगा। इस कोर्स के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से अनुमति मिल चुकी है। कॉलेज के प्राचार्य अनिल कुमार ने कॉलेज स्टाफ व विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में फिलहाल बीए (160 सीट), बीकॉम (80 सीट) और एमएससी भूगोल (30 सीट) के कोर्स संचालित हो रहे हैं। बीए व बीकॉम के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है। जिसकी अंतिम तिथि 16 जून है। एमएससी भूगोल और एमए समाजशास्त्र के लिए दाखिला प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक मुथरा सिंह ने बताया कि अब तक समाजशास्त्र में एमए करने के लिए छात्रों को दूरस्थ विश्वविद्यालयों का रूख करना पड़ता था। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती थी। अब यह कोर्स कॉलेज में ही उपलब्ध होने से उन्हें घर के पास ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा। संवाद