हिसार। जिला नागरिक अस्पताल में ऑनलाइन पंजीकरण और भुगतान की सुविधा को मरीजों का कम रुझान मिल रहा है। एक सप्ताह में ऑनलाइन माध्यम से करीब सात हजार रुपये का भुगतान हुआ है, जबकि ओपीडी के लिए घर बैठे पंजीकरण कराने वाले मरीजों की संख्या केवल तीन से चार है।
पिछले दिनों अस्पताल में यूपीआई के जरिये भुगतान की सुविधा शुरू की गई थी। इसके तहत मरीज ओपीडी स्लिप सहित अन्य शुल्क का भुगतान ऑनलाइन कर सकते हैं। इससे खुले पैसों की परेशानी भी खत्म हो सकती है, लेकिन मरीज इस सुविधा का अधिक इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार ओपीडी स्लिप के भुगतान में यूपीआई का इस्तेमाल काफी कम है। ऑनलाइन भुगतान का उपयोग मुख्य रूप से अधिक राशि के भुगतान में किया जा रहा है।
ऑनलाइन पंजीकरण में भी नहीं रुचि
ओपीडी के लिए घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कराने में भी मरीजों की रुचि कम है। अब तक केवल तीन से चार मरीजों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों को सुविधा की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण इसका इस्तेमाल कम हो रहा है।
डेंगू का एक केस और मिला, अब तक 41 मिले
जिले में डेंगू का एक और मामला सामने आया है। नया केस शहर से मिला है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल 41 मामले हो गए हैं। राहत की बात है कि अब तक डेंगू से कोई मौत नहीं हुई है। वहीं, जिले में स्वाइन फ्लू के 82 और मलेरिया के चार मामले सामने आ चुके हैं।
धीरे-धीरे लोगों को इस सुविधा के बारे में जानकारी मिलेगी और वे इसका इस्तेमाल करना भी सीखेंगे। कर्मचारी भी मरीजों को इस सुविधा के बारे में जागरूक कर रहे हैं।
- डॉ. प्रभुदयाल, एसएमओ, जिला नागरिक अस्पताल।