बरवाला (हिसार)। हिसार-लुधियाना रेलमार्ग पर बदमाशों ने वीरवार अल सुबह 3:52 बजे रेलवे ट्रैक का सिग्नल फेल कर ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने ट्रेन में सवार महिलाओं सहित अन्य यात्रियों से सोने के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन आदि लूट लिए।
रेलवे पुलिस ने बरवाला रेलवे स्टेशन पर कार्यरत सिग्नल सुपरवाइजर अमित कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ट्रेन में लूटपाट करने के बाद बदमाश वारदात स्थल पर 2 मोबाइल फोन व पर्स छोड़ गए। रेलवे पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब हिसार से चली अजमेर-अमृतसर ट्रेन 3:52 बजे बरवाला के नजदीक पहुंची। इस दौरान ट्रेन करीब 8 मिनट तक बरवाला रुकी रही।