बसों में सवारियां कम होने के कारण रोजाना कई बसें रद्द करनी पड़ रही है। हालात यह है कि कई बस में तो पांच सवारियों से भी कम की ऑनलाइन टिकट बुकिंग हो रही है। ऐसे में रोडवेज की ओर से उन रूट पर बसें रद्द की जा रही है। बुधवार को भी हिसार से सिरसा जाने वाली दो, दिल्ली और पंचकूला जाने वाली एक-एक बस रद्द की गई।
बस अड्डा इंचार्ज धर्मपाल बूरा ने बताया कि हिसार से सिरसा के लिए सुबह साढ़े सात बजे चलने वाली बस में सिर्फ पांच ही यात्रियों ने अपना टिकट बुक करवाया था मगर सवारियां कम होने के कारण इस बस को रद्द किया गया। इसी प्रकार दोपहर तीन बजे हिसार से पंचकूला जाने वाली बस में सिर्फ तीन ही यात्रियों ने अपना टिकट बुक करवाया था। ऐसे में रोडवेज की ओर से यह बस भी रद्द की गई। वहीं दोपहर ढाई बजे हिसार से सिरसा जाने वाली बस में सिर्फ एक ही यात्री ने अपना टिकट बुक करवाया था। ऐसे में यह भी बस कैंसिल की गई।
इसलिए नहीं गई दिल्ली बस
बस अड्डा इंचार्ज धर्मपाल बूरा ने बताया दोपहर दो बजे हिसार से दिल्ली डिपो की बस दिल्ली जानी थी। दिल्ली जाने के लिए 27 सवारियों ने अपना टिकट बुक करवाया था। बूरा ने बताया कि मुख्यालय से आदेश आए है कि उन्हीं सवारियों को दिल्ली के लिए ले जाया जाएगा, जिन यात्रियों ने दिल्ली से आगे जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक करवाया हो। उन्होंने बताया कि एक ही यात्री ने दिल्ली से आगे जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक करवाया हुआ था मगर एक सवारी होने के कारण इस बस को भी रद्द किया गया।
बल्लभगढ़ और गुरुग्राम के लिए गई बस बुधवार को सुबह सवा सात बजे हिसार से बल्लभगढ़ के लिए भी बस रवाना की गई। इस बस में 24 यात्रियों ने अपना टिकट बुक करवाया हुआ था। एक सवारी ने अपना टिकट कैंसिल करवा दिया। ऐसे में 23 सवारियों को लेकर बस रवाना हुई। गुरुग्राम के लिए सुबह आठ बजे बस रवाना की गई। इस बस में 28 सवारी गई। वहीं बुधवार को हिसार से बल्लभगढ़, गुरुग्राम, पंचकूला और सिरसा के लिए बस रवाना की गई।