भले ही सरकार की ओर से विभिन्न रूटों पर बस चलानी शुरू कर दी गई हो मगर अभी यात्रियों में कोरोना का डर बना हुआ है। मंगलवार को सवारियां नहीं होने के कारण हिसार से सिरसा जाने वाली तीन बसें रद्द करनी पड़ी। वहीं शाम को सिरसा डिपो की एक बस हिसार से सिरसा के लिए रवाना की गई। इस बस के लिए पांच यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक करवाया, मगर दो यात्रियों ने टिकट कैंसिल करवा दिया। ऐसे में बस सिर्फ तीन सवारियों को लेकर रवाना हुई। इसके अलावा हिसार से दोपहर को एक बस दिल्ली के लिए रवाना की गई। इस बस में 27 यात्री थे। इसी प्रकार दिल्ली डिपो की एक बस फतेहाबाद रवाना की गई। वहीं मंगलवार को हिसार से पंचकूला के लिए भी तीन बसें रवाना हुई। दरअसल, मगलवार को हिसार से सिरसा के लिए चार बसें चलनी थी, लेकिन सवारियां नहीं होने के कारण तीन बसें कैंसिल की गई। वहीं बुधवार को हिसार से गुरुग्राम ओर फरीदाबाद के लिए भी बस रवाना की जाएगी।
सिरसा के लिए सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ बस का संचालन
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि सिरसा के लिए प्रात: 7.30 बजे, दोपहर 12 व 2.30 बजे और शाम पांच बजे बसों का संचालन शुरू किया गया है। इसी प्रकार दिल्ली के लिए दोपहर 2 बजे एक बस शुरू की गई है। इनके अलावा बुधवार से सुबह 7.15 बजे फरीदाबाद व सुबह आठ बजे गुरुग्राम के लिए बसें चलाई जाएंगी। निर्धारित संख्या से कम सवारियां होने की स्थिति में बस का फेरा रद्द किया जा सकता है।
यात्रियों की हो रही थर्मल स्क्रीनिंग
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि सभी सवारियों की बस स्टैंड पर थर्मल स्केनिंग की जा रही है। यात्रियों के हाथों व सामान को सैनिटाइज करवाया जाता है। मास्क लगा होने पर ही बस में प्रवेश दिया जाता है। बस स्टैैंड पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि बसों का परिचालन हरियाणा राज्य परिवहन के बस अड्डों से निर्धारित बस अड्डों तक ही किया जाएगा। रास्ते में आने वाले स्टेशनों पर बस रोकने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बसें कोरोना संक्रमित जिला में प्रवेश न करके बाईपास या फ्लाई ओवर से गुजरेंगी। एक बस में अधिकतम 30 सवारियों को ही बिठाया जा सकता है।
मेरे बच्चें हिसार रहते हैं। मैं सोमवार को ही काफी समय बाद हिसार अपने बच्चों से मिलने आई थी। मगर मंगलवार जब सुबह सिरसा जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंची तो यहां सवारियां नहीं होने के कारण बस रद्द कर दी गई। ऐसे में खुद की गाड़ी में गए।
- लता, यात्री
सुबह बस स्टैंड पहुंचा था मगर यहां से बस नहीं मिली थी। ऐसे में किसी न किसी तरह अपने घर पहुंचा। बस नहीं मिलने के कारण परेशानी उठानी पड़ी।
- पवन कुमार, यात्री
मंगलवार को पंचकूला के लिए तीन, दिल्ली के लिए एक, सिरसा के लिए एक बस रवाना की गई। इसके अलावा दिल्ली डिपो की एक बस फतेहाबाद गई। बसों में सवारियां नहीं होने के कारण हिसार से सिरसा जाने वाली तीन बसें रद्द करनी पड़ी।
- धर्मपाल बूरा, इंचार्ज, बस अड्डा