हिसार। रोडवेज बस चलाते हुए गाने सुनना चालकों को महंगा पड़ सकता है। रोडवेज प्रबंधन ने ऐसे चालकों को चेताते हुए बस में लगा रखे रिकॉर्डर और स्पीकर तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। हिसार डिपो की कर्मशाला में इस संबंध में नोटिस चस्पा कर चालकों को तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद भी नहीं हटाते हैं तो कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह नियम बीएस-6 मॉडल की बसों में लागू किया गया है।
रोडवेज कर्मशाला प्रबंधक रामबीर कांगड़ा ने बताया कि बस चलाते समय गाने सुनना, मोबाइल फोन पर बातें करना कई बार हादसों का सबब बनता है। इसे देखते हुए प्रबंधन ने बसों से लगे रिकॉर्डर, स्पीकर के अलावा पंखें भी उतारने के आदेश दिए हैं। सभी चालकों के संज्ञान में रहे, इसके लिए बस स्टैंड परिसर में नोटिस चस्पा किए गए हैं। महाप्रबंधक ने तीन दिन का समय दिया है। इसके बावजूद कोई चालक आदेश की अवहेलना करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो बस में रिकॉर्डर, स्पीकर और पंखों के लिए कनेक्शन करते समय सावधानी नहीं बरती जाती। इस दौरान बस में विद्युत लाइनों में तकनीकी खराबी आ सकती है। इसके साथ ही बस चलाते समय गाने सुनने या फोन पर बातें करने में मशगूल होने पर हादसों की भी आशंका रहती है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कोई चालक बस चलाते समय इस तरह की हरकत करता है और जांच में पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।