बालसमंद (हिसार)। बालसमंद के शराब ठेके से कलेक्शन के रुपये जमा न कराने पर सेल्समैन ओमप्रकाश को वीरवार रात बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर 16 नामजद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के कुनपालसर निवासी लेखराम ने बताया कि वह और उसका मौसी का लड़का ओमप्रकाश बालसमंद निवासी कपिल और सज्जन के ठेके पर सेल्समैन था। कपिल ने मुझे कॉल कर बताया कि ओमप्रकाश और सुरेंद्र ठेके से रुपये ले गए हैं, हम राजस्थान आ रहे हैं। हमें उनका घर बताना। मुझे डरा धमका कर सुरेंद्र के घर लेकर गए, जहां वह नहीं मिला। फिर वे ओमप्रकाश के घर गए जहां ओमप्रकाश भी नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने दोनों की तलाश शुरू की।
इस दौरान लेखराम और ओमप्रकाश एक होटल में रुक गए। इसकी भनक लगने पर कुछ युवक होटल में आए दोनों से मारपीट की। आरोपी उन्हें गाड़ी में बैठाकर बालसमंद ले गए। इस दौरान बिल्ला, सुनील, मांगीलाल ने डंडों से ओमप्रकाश को पीटा। बाद में कपिल का सगा भाई सज्जन आया और ओमप्रकाश को उल्टा लटकाकर डंडों से पीटा, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने लेखराम की शिकायत पर कपिल, बिल्ला, शिवा, अंकुश, सुनील, मांगी, हाथी, विक्रम श्रवण, टोनी, सज्जन, विनोद, कालूराम, जयबीर सहित 16 लोगों के खिलाफ हत्या के केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।