हांसी के लाल सड़क क्षेत्र में शुक्रवार रात बिजली आपूर्ति बहाल होने के खुली नजर आ रही दुकान। स्र
हांसी/नारनौंद/बरवाला /सिवानी मंडी। करीब 46 घंटे तक अंधेरे और बिजली संकट से जूझने के बाद शुक्रवार रात बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। घरों में फिर रोशनी जगमगाई और बाजारों की रौनक रूपी रफ्तार लौट आई। लंबे इंतजार के बाद लोगों की परेशानी दूर हुई और खुशी और सुकून का भाव नजर आया।
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से प्रभावित हुई आपूर्ति हांसी, नारनौंद सहित जिले के अधिकांश गांवों और बरवाला व सिवानी क्षेत्र में बहाल हो गई। हालांकि कुछ गांवों में फॉल्ट के कारण अंधेरा बरकरार रहा। बिजली निगम के कर्मचारी देर रात तक खामियां दूर कर आपूर्ति सुचारु करने में जुटे रहे।
हांसी बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरिंदर मेहरा और शहरी एसडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पतालों और जनस्वास्थ्य विभाग में लगातार बिजली आपूर्ति जारी रखी गई। फॉल्ट टीक करने के लिए कर्मचारी काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि शनिवार सुबह तक सभी गांवों में भी बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
बुधवार रात को बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। वीरवार को तो हांसी शहर ब्लैकआउट की स्थिति में पहुंच गया था। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से व्यापारियों, दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। घरेलू कामकाज से लेकर बाजारों में कारोबार तक प्रभावित हुआ।
लोगों को पानी की किल्लत, ऑनलाइन परीक्षाओं की तैयारी में बाधा और कारोबार प्रभावित होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बाजार में दुकानें अब शाम छह बजे ही बंद करनी पड़ीं। सेक्टरवासी केलापति और सेक्टर प्रधान शशिकांत यादव ने बताया कि घरेलू कामकाज मुश्किल हो रहा था। मच्छरों के कारण दो दिन से सो नहीं पा रहे थे।