हांसी। हांसी-बरवाला रोड पर शुक्रवार सुबह राजली हेड के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से जीएनएम छात्र दीपक (18) की मौत हो गई। उसका दोस्त दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों दोस्त पासपोर्ट के लिए आवेदन करने अंबाला जा रहे थे।
बरवाला थाना से जांच अधिकारी रवीश कुमार के अनुसार, गांव मसूदपुर निवासी दीपक खेड़ी चोपटा कॉलेज में जीएनएम की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार सुबह वह दीपांशु के साथ बाइक पर बरवाला जा रहा था। वहां से दोनों को बस से अंबाला पहुंचकर पासपोर्ट के लिए आवेदन करना था। सुबह करीब 5:15 बजे राजली हेड के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। दीपक के शव को हांसी के नागरिक अस्पताल लाया गया। बरवाला सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। दीपक के पिता राममेहर सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। उसकी बड़ी बहन बीटेक की पढ़ाई कर रही है। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।