हिसार। पिछले 24 घंटे में पांच जिलों में हल्की बारिश व तेज हवाओं के चलते तापमान काफी हद तक कम रहा। हिसार, करनाल, भिवानी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर में बारिश हुई है। चार जिलों को छोड़ दें तो प्रदेश के अन्य सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सिरसा जिले का तापमान एक बार फिर से 44.4 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 13 व 14 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मई महीने के दूसरे सप्ताह में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में हिसार में 1.2, करनाल में 1.8, भिवानी में 2.0, महेंद्रगढ में 2.0, यमुनानगर में 1.0 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इन जिलों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट भी रही। प्रदेश के 20 जिलों में तापमान सामान्य या इससे कम रहा।
तीन जिलों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। सिरसा में प्रदेश में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री तापमान रहा। हिसार में 42.4 डिग्री सेल्सियस, चरखी-दादरी में 41.7, रोहतक में 41.1 डिग्री तापमान रहा। दिन का तापमान कम रहने की बात करें तो यमुनानगर में दिन का तापमान 33.7 डिग्री रहा। करनाल में 34.2, अंबाला में 35.8, सोनीपत में 36.7 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 13 व 14 मई को मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से तेज हवाएं चलने तथा हल्की बूुंदाबांदी के आसार हैं। 15 मई के बाद से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।